दुर्ग जिले में ट्रक पर चढ़कर स्टंट दिखाने वाले एक युवक की गिरकर मौत

Jan 3, 2026 - 16:11
 0  0
दुर्ग जिले में ट्रक पर चढ़कर स्टंट दिखाने वाले एक युवक की गिरकर मौत

दुर्ग जिले में ट्रक पर चढ़कर स्टंट दिखाने वाले एक युवक की गिरकर मौत हो गई। पुनीत साहू 2 जनवरी को अपने दोस्तों संग धमधा घूमने गया था। वापस लौटते समय पुनीत ट्रक में बैठ गया और दोनों दोस्त बुलेट पर पीछे पीछे चल रहे थे, वे उनका वीडियो भी बना रहे थे।

पुनीत कंडक्टर सीट पर बैठा था, गेट खोलकर बाहर लटककर स्टंट कर रहा था तभी धमधा-बेमेतरा मेन रोड स्थित बड़े पुल के पास बैलेंस बिगड़ने पर वह नीचे गिरा और पहिए के नीचे आकर बुरी तरह से कुचला गया।

घटना इतनी भयावह थी कि उसका शव सड़क पर चिपक गया था, शरीर के कई अंग दूर-दूर तक फेंका गए थे। टुकड़े बीनने में पुलिस को आधे घंटे लग गए। मामला धमधा थाना क्षेत्र का है।

भिलाई से धमधा घूमने गया था युवक

भिलाई के जामुल क्षेत्र के गणेश नगर वार्ड क्रमांक 5 निवासी वाहन चालक के बेटे पुनीत साहू (24) पेशे से मजदूर है। 2 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे वह अपने दोस्तों दीपक वर्मन, विजय सिंह सहित अन्य के साथ धमधा घूमने गया था।

उनका एक दोस्त ट्रक चलाता था, वह अपना ट्रक लेकर सिरनाभाठा धमधा के चावल गोदाम पहुंचा हुआ था। गोदाम से निकलते वक्त पुनीत ट्रक में बैठ गया।

पहले वो ड्राइवर को बोलने लगा कि मैं ट्रक चलाऊंगा, लेकिन ट्रक ड्राइवर ने मना कर दिया। बाद में वो कंडक्टर की सीट पर बैठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वो लगातार खिड़की खोलकर स्टंट कर रहा था, बाहर झूल रहा था। अचानक बैलेंस बिगड़ने से पुनीत नीचे गिरा और सीधा ट्रक की चपेट में आ गया।

दोस्त पीछे बुलेट से जा रहे थे

दोपहर करीब 3.15 बजे दोस्त दीपक वर्मन ने फोन कर पुनीत के परिजनों को सूचना दी कि पुनीत का ट्रक से एक्सीडेंट हो गया है। यह सुनते ही परिजन रिश्तेदार पवन साहू और भोला साहू के साथ तुरंत धमधा रवाना हुए।

घटनास्थल पर मौजूद दीपक वर्मन और विजय सिंह ने बताया कि पुनीत साहू सिरनाभाठा वेयरहाउस से ट्रक (क्रमांक CG 07 CA 1141) में ड्राइवर के साथ बैठकर जामुल जा रहा था। वे दोनों बाइक से ट्रक के पीछे-पीछे चल रहे थे।

इसी दौरान बड़े पुल के ऊपर ट्रक के तेज और लापरवाही से चलने के कारण पुनीत संतुलन बिगड़ने से ट्रक से नीचे गिर गया और पीछे के चक्के की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

आधे घंटे तक लाश के टुकड़े उठाती रही पुलिस

इस हादसे में पुनीत ट्रक के नीचे पहिए में फंस गया। ट्रक 50 मीटर तक शव को घसीटता चला गया। इससे शव क्षत-विक्षत हो गया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव के टुकड़े जमा करने में उन्हें आधे घंटे से ज्यादा का समय लग गया।

बताया जा रहा है कि आधे घंटे तक पुलिस शव के टुकड़े को जमा करती रही। गाड़ी बुलाकर शव को धमधा के मर्च्युरी में भेजा गया।

ट्रक ड्राइवर के खिलाफ अपराध दर्ज

परिजनों ने पुलिस को बताया कि जब वे धमधा मर्च्युरी पहुंचे तो देखा कि ट्रक के ऊपर चढ़ने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था। परिजनों ने ट्रक चालक पर तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी दीपक वर्मन और विजय सिंह के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0