छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सड़क क्रॉस कर रहे बाइक सवार व्यवसायी को ट्रक ने कुचल दिया

Feb 3, 2026 - 09:26
 0  0
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सड़क क्रॉस कर रहे बाइक सवार व्यवसायी को ट्रक ने कुचल दिया

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सड़क क्रॉस कर रहे बाइक सवार व्यवसायी को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में व्यवसायी की मौके पर मौत हो गई। वे बाइक में कुछ सामान लोड कर घर से निकले थे और घर से बमुश्किल 30 मीटर दूर पर यह हादसा हुआ।

हादसा CCTV कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर से व्यवसायी नीचे गिर गया, ट्रक उसे कुचलते हुए आगे बढ़ गया। घटना नमनाकला रिंग रोड की है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

अब जा​निए कैसे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, रिंगरोड नमनाकला निवासी व्यवसायी प्रह्लाद सोनी (50) सोमवार शाम बाइक में कुछ सामान लोड कर घर से निकले। वे अपने घर से आगे रिंगरोड क्रॉस कर बस स्टैंड की ओर जा रहे थे।

सड़क पार करते समय जैसे ही उन्होंने डिवाइडर क्रॉस किया, गांधी चौक से बस स्टैंड जा रहे ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई।

टक्कर के बाद वे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान उनका सिर ट्रक के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

CCTV में कैद हुआ हादसा

हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर के लिए सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही रुक गई, जिससे लंबी लाइन लग गई। सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा और भीड़ हटाकर सड़क पर फिर से गाड़ियों की आवाजाही शुरू करवाई।

घटनास्थल से कुछ दूर पर एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरा हादसा कैद हो गया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक सवार व्यवसायी ने रोड क्रॉस करने से पहले रुककर पीछे से आ रहे ट्रेलर के गुजरने का इंतजार किया।

ट्रेलर के गुजरने के बाद उन्होंने फिर डिवाइडर क्रॉस किया। डिवाइडर क्रॉस करते ही वे दूसरी ओर से आ रहे ट्रक से टकराकर गिर पड़े और ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।

रिंगरोड में लगातार हो रहे हादसे

अंबिकापुर रिंगरोड में भारी वाहनों के कारण यातायात का भारी दबाव है। शहर के बीच से गुजरी रिंगरोड में लगातार हादसे हो रहे हैं। इससे लोगों की चिंता बढ़ी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0