छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में अश्लीलता का मामला सामने आया

Jan 11, 2026 - 17:07
 0  1
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में अश्लीलता का मामला सामने आया

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में अश्लीलता का मामला सामने आया है। उरमाल में आयोजित 6 दिवसीय आयोजन में लड़कियां अर्धनग्न होकर नाचती रही और वहां मौजूद रसूखदार पैसे लुटाते रहे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ये पूरा कार्यक्रम जिला प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद हुआ। अश्लील डांस के समय मैनपुर SDM तुलसी दास मरकाम भी वहां मौजूद थे, जिन्होंने खुद अपने मोबाइल में अर्धनग्न होकर नाचती लड़कियों का वीडियो बनाया। उनपर पैसे लुटाए।

10 जनवरी को मामला सामने आने के बाद एसपी ने कार्रवाई की है। 2 पुलिसकर्मी लाइन अटैच कर दिए गए हैं। वहीं SDM के खिलाफ अभी कोई नहीं हुई है। मामला देवभोग थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

गरियाबंद के उरमाल में युवा समिति ने 6 दिवसीय ओपेरा (आर्केस्ट्रा) का आयोजन कराया था। मनोरंजन का हवाला देकर युवकों की समिति ने 29 दिसंबर 2025 को मैनपुर SDM तुलसी दास से कार्यक्रम की अनुमति ली थी।

कार्यक्रम में ओडिशा के कटक स्थित जय दुर्गा ओपेरा की डांसर्स बुलाई गई थीं। कार्यक्रम में बार डांसर्स कपड़े उतार कर अश्लील डांस करती नजर आई। डांस कार्यक्रम 8, 9 और 10 जनवरी को निर्धारित था। जिसके लिए शहर भर में प्रचार कराया गया था

बार डांसर की फीस 60 हजार, एंट्री टिकट 200-400

कार्यक्रम में SDM, कई पुलिस कर्मी और गांव वाले अलग-अलग दिन शामिल हुए। आयोजन के वीडियो अब सामने आए हैं। कार्यक्रम में समिति को रोजाना 1.20 लाख देना था। इसके अलावा अश्लील डांस के लिए अतिरिक्त डांसर बुलाए गए थे। बार डांसरों की एक दिन 60 हजार फीस तय थी। 200 से 400 से तक टिकट रखा गया था।

एक वीडियो में SDM खुद वीडियो बनाते नजर आए। दूसरे वीडियो में 2 पुलिसकर्मी लड़कियों से खुलेआम किस करते हुए नजर आए। 10 जनवरी को मामला सामने आने के बाद आरक्षक जय कुमार कंसारी और शुभम चौहान लाइन अटैच कर दिए गए हैं। दोनों देवभोग थाने में पदस्थ थे।

SDM के लिए सीट आरक्षित थी

8 जनवरी को आयोजन में काफी भीड़ पहुंची थी। 9 जनवरी को SDM तुलसी दास इस आयोजन में शामिल हुए। आयोजकों ने उनके लिए आगे की सीट आरक्षित की थी। रात 11 से 3 बजे तक अश्लील डांस होता रहा।

लड़कियों को पकड़कर अश्लीलता की

स्टेज पर अर्धनग्न अवस्था में डांसर प्रस्तुति देते रहे। पंडाल के अंदर भीड़ बेकाबू थी, अफसर, पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि हर वर्ग के लोग पहुंचे थे। इनमें से कई लड़कियों पर पैसे उड़ाते रहे, कई ने लड़कियों को अपने पास बुलाकर अश्लीलता की।

आयोजक गिरफ्तार, कर्मी लाइन अटैच

देवभोग थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि 10 तारीख को अश्लील आयोजन की लिखित शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर आयोजनकर्ता देवेंद्र राजपूत, गोविंद देवांगन, नरेंद्र साहू, हसन डाडा के खिलाफ नामजद, बीएनएस की धारा 296, (3)(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर मुचलके पर छोड़ दिया गया है।

SDM पर कार्रवाई की मांग

10 तारीख तक संचालन की अनुमति दी गई थी, लेकिन 10 को ही आयोजन बंद करवा दिया गया। बता दें कि गांव के ही एक स्थानीय युवक ने थाने में शिकायत कराई है और SDM पर भी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0