भिलाई शहर में मंदिरों को निशाना बनाकर लगातार हो रही चोरियों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली
भिलाई शहर में मंदिरों को निशाना बनाकर लगातार हो रही चोरियों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक सीरियल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक ज्वेलर्स को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त बाइक, औजार समेत करीब दो लाख रुपये कीमत का कीमती सामान जब्त किया गया है। बाइक में सब्बल लेकर घूम रहे थे पुलिस के अनुसार भिलाई शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मंदिरों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इसी दौरान सपना टॉकीज पावर हाउस के पीछे रहने वाले दो युवकों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली, जो रात में मुंगेली आरटीओ से रजिस्टर्ड बाइक से घूमते थे और दिनभर घर के भीतर रहते थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। उन्होंने अपने नाम रामचंद राठौर (29 वर्ष), निवासी गोरसी जतहरी, अनूपपुर (मध्यप्रदेश) और मुकेश जायसवाल (28 वर्ष), निवासी ग्राम जोगीपुर, थाना तखतपुर, जिला मुंगेली बताया। तलाशी के दौरान उनकी होंडा साइन बाइक (CG 28 L 4683) की डिक्की से एक सब्बल बरामद हुआ। सघन पूछताछ में दोनों ने मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पहले भी जेल जा चुका है आरोपी पुलिस जांच में सामने आया कि रामचंद राठौर पूर्व में करगी रोड कोटा स्थित ज्वेलरी दुकान और बिलासपुर के मकानों में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर आया था। वहीं, मुकेश जायसवाल दुष्कर्म के एक मामले में बिलासपुर जेल में बंद रह चुका है। दोनों की पहचान जेल में ही हुई थी। जेल से रिहा होने के बाद दोनों भिलाई में आकर आकाशगंगा मिलाई फल मंडी में हमाली करने लगे और किराए के मकान में रहकर मंदिरों की रेकी कर चोरी करने लगे।
पांच मंदिरों को बनाया था निशाना आरोपियों ने 7 अगस्त 2025 की रात फल मंडी पावर हाउस स्थित हनुमान मंदिर, 5 नवंबर को सेक्टर-5 कांचीकमाछी मंदिर, 12 नवंबर को फरीद नगर दुर्गा मंदिर, 14 दिसंबर को काली मंदिर सुपेला में चोरी तथा 15-16 दिसंबर की रात सेक्टर-6 बालाजी मंदिर में चोरी के प्रयास की बात स्वीकार की है। चोरी में मिले चांदी के छत्र, मुकुट, मुखौटे और अन्य जेवरात आरोपियों ने अनूपपुर के ज्वेलर्स विकास सोनी को बेच दिए थे। चोरी का सामान खरीदने वाले को भी किया गिरफ्तार पुलिस ने ज्वेलर्स विकास सोनी (40 वर्ष), निवासी अमरकंटक रोड, वार्ड नंबर 13, अनूपपुर को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक, सब्बल, मोबाइल, टैबलेट, 6693 रुपये नकद और मंदिरों से चोरी किए गए करीब दो लाख रुपये कीमत के चांदी के जेवरात जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









