दुर्ग में प्रशासन का बुलडोजर एक्शन: अफीम खेती मामले से जुड़े भाजपा नेता के भाई की अवैध दुकान ढहाई
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में प्रशासन ने अवैध कब्जे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता के भाई की दुकान को बुलडोजर से गिरा दिया। अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद प्रशासन सख्त हुआ।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में जिला प्रशासन ने अवैध कब्जे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एक दुकान को बुलडोजर से गिरा दिया। यह दुकान पूर्व भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार से जुड़ी बताई जा रही है।
राजस्व विभाग की टीम सुबह ही मौके पर पहुंची और तहसीलदार क्षमा यदु की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन के अनुसार सरकारी जमीन के खसरा नंबर 778 की करीब 32 डिसमिल भूमि पर पिछले कई वर्षों से अवैध कब्जा कर दुकान संचालित की जा रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में तहसील न्यायालय पहले ही बेदखली का आदेश जारी कर चुका था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया था। बाद में जिला प्रशासन ने बेदखली वारंट जारी करते हुए बुलडोजर के जरिए निर्माण को पूरी तरह हटा दिया।
कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे, हालांकि किसी तरह की बाधा या विवाद की स्थिति नहीं बनी।
दरअसल, हाल ही में समोदा गांव उस समय चर्चा में आया जब कुछ बच्चों को एक खेत में संदिग्ध पौधे मिले। गांव के बुजुर्गों ने उन्हें अफीम का पौधा बताया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और जांच शुरू हुई। इस प्रकरण के सामने आने के बाद संबंधित भाजपा नेता को पार्टी से निलंबित कर दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









