छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बाइक चोरी कर फर्जी दस्तावेज बनाकर उसे बेचने वाले संगठित गिरोह को पुलिस ने पकड़ा

Feb 1, 2026 - 18:26
 0  0
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बाइक चोरी कर फर्जी दस्तावेज बनाकर उसे बेचने वाले संगठित गिरोह को पुलिस ने पकड़ा

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बाइक चोरी कर फर्जी दस्तावेज बनाकर उसे बेचने वाले संगठित गिरोह को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 25 चोरी की बाइक और एक लैपटॉप भी बरामद किया है। इस गिरोह का एक सदस्य पहले ही जेल में है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।

मामले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि पूंजीपथरा और साइबर थाना की पुलिस ने दो चोरी की बाइक के साथ संदिग्ध युवक ग्राम रूड़ेकेला निवासी मुकेश प्रधान को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि बाइक उसने ऑटो डीलर में काम करने वाले लैलूंगा निवासी पुरुषोत्तम प्रधान से खरीदा था।

आगे की पूछताछ में पता चला कि पुरुषोत्तम प्रधान अपने साथियों, लैलूंगा के श्याम ऑटो डीलर के मैनेजर चंद्रकुमार यादव और इरशान खान के साथ मिलकर बाइक चोर मुकेश चौहान से चोरी की बाइकें लेते थे। फिर वे इन बाइकों के फर्जी कागजात और रजिस्ट्रेशन लोक सेवा केंद्र से अजय पटेल और संजय अगरिया के जरिए तैयार कराते थे और बाइकें बेचते थे।

इसके बाद पुलिस ने मुकेश चौहान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने साथी विकेश दास महंत (जो फिलहाल जेल में है) के साथ मिलकर पूंजीपथरा, तमनार, घरघोड़ा और रायगढ़ के बाजारों से लगभग 25 बाइक चोरी की है। इनमें अधिकांश डीलक्स बाइक है।

ऑटो डीलर मैनेजर से सपंर्क किया आरोपी मुकेश चौहान ने बताया कि चोरी की बाइक को बेचते समय पकड़े जाने के डर से उन्होंने ऑटो डीलर मैनेजर चंद्रकुमार यादव से संपर्क किया। इसके बाद चंद्रकुमार ने फर्जी दस्तावेज बनाने के लिए अजय पटेल और संजय अगरिया को गिरोह में शामिल किया और पुरानी बाइक खरीदी-बिक्री करने कोतबा के ऑटो डीलर से संपर्क किया।

फर्जी आरसी प्रिंट कराया जाता था इसके बाद यह गिरोह फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कोतबा ऑटो डीलर को अंधेरे में रखकर उसके पास 8 बाइक खपा चुके थे, जिसे पुलिस ने बरामद किया है।

उन्होंने बताया कि अजय पटेल चोरी की बाइक के चेचिस नंबर से असली मालिक की जानकारी निकालकर अमेजॉन से आरसी कार्ड मंगवाता, कंप्यूटर में उसमें हेरफेर कर हूबहू फर्जी आरसी प्रिंट करता था।

बााइक समेत 16 लाख के सामान जब्त

इसके बाद ट्रांसफर कार्ड पर फर्जी हस्ताक्षर कर डीलरों और आम लोगों को यह भरोसा दिलाया जाता था कि बाइक चोरी की नहीं है।

पुलिस ने अजय पटेल से लैपटॉप, प्रिंटर और पीबीसी कार्ड भी जब्त किए हैं। पुलिस ने कुल 25 चोरी की बाइक समेत 16 लाख रुपए के सामान जब्त किए हैं।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

- मुकेश चौहान (उर्फ नान्ही), 25 साल, ग्राम भकुर्रा, थाना लैलूंगा – 3 बाइक बरामद

- चंद्रकुमार यादव, 26 साल, ग्राम सरडेगा, थाना लैलूंगा, ऑटो डीलर मैनेजर – 5 बाइक बरामद

- पुरुषोत्तम प्रधान, 30 साल, ग्राम मुडागांव, थाना लैलूंगा, ऑटो डीलर कैश मैनेजर – 4 बाइक बरामद

- मुकेश प्रधान, 40 साल, ग्राम रूडुकेला, थाना लैलूंगा – 2 बाइक बरामद

- इरशाद खान, 23 साल, ग्राम करवारजोर, थाना लैलूंगा, ऑटो डीलर कर्मचारी – 3 चोरी की बाइक बरामद

- अजय पटेल, 27 साल, ग्राम चारभांठा, थाना भूपदेवपुर, लोक सेवा केन्द्र संचालक – कंप्यूटर और प्रिंटर बरामद

- संजय अगरिया, ग्राम देलारी, लोक सेवा केन्द्र कंप्यूटर ऑपरेटर – जांच में शामिल

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0