छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: रायपुर-सरगुजा में बारिश, धमतरी में ओले, 19 जिलों में अलर्ट जारी
छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। रायपुर, सरगुजा और अन्य जिलों में बारिश, धमतरी में ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने 19 जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश व ओलावृष्टि देखने को मिली। इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कुछ स्थानों पर नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं।
राजधानी रायपुर में देर रात तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं सरगुजा संभाग के उदयपुर सहित कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
धमतरी जिले के मगरलोड, नगरी और कुरुद क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई, जिससे फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के बड़े हिस्से के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग समेत कुल 19 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले समय में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में यह गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ धूल भरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति भी बनी रह सकती है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सतर्कता बरतें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









