चोरी का सोना चुराया…प्रेग्नेंट हेड कॉन्स्टेबल को जेल

Feb 10, 2026 - 18:20
 0  0
चोरी का सोना चुराया…प्रेग्नेंट हेड कॉन्स्टेबल को जेल

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक महिला हेड कॉन्स्टेबल ने कार्रवाई के दौरान चोरी का 8 तोला सोना चुराकर अपने पास रख लिया था। जांच में दोषी पाए जाने के बाद मोनिका गुप्ता को सजा हुई। जिसके बाद से वह फरार चल रही थी।

2 फरवरी 2026 को जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो मेडिकल जांच में पता चला कि वह 9 महीने की प्रेग्नेंट है, तब जेल में ही उसे मेडिकल की सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। 10 फरवरी 2026 को मोनिका ने जिला अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया है। मामला मोहन नगर थाना इलाके का है।

अब नवजात मासूम को भी अपनी मां के साथ जेल में रहना होगा। हालांकि, बच्चे का कोई कसूर नहीं है, लेकिन मां के साथ उसे भी जेल में सजा काटनी पड़ेगी। महिला के 2 और बच्चे हैं, जो मां के बिना रहेंगे। मोनिका की कोर्ट से जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश के मुताबिक, मामला 4 जुलाई 2022 का है, जब दुर्ग के सिंधिया नगर निवासी सोनाली द्विवेदी के घर से सोने के गहनों की चोरी हुई थी। शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता को सौंपी थी।

जांच के दौरान पुलिस ने 30 जून 2023 को आरोपी पीतांबर राव को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से करीब 79 ग्राम (करीब 8 तोला) सोने की ज्वेलरी और सिक्का बरामद किए गए थे। आरोप है कि, यह जब्त माल थाने के मालखाने में जमा होना था, लेकिन मोनिका ने इसे जमा करने के बजाय अपने पास रख लिया।

जब पीड़िता ने कोर्ट के जरिए अपनी ज्वेलरी लेने के लिए आवेदन किया और थाने पहुंची, तब पता चला कि, जब्त जेवर मालखाने में जमा ही नहीं कराए गए हैं। सीनियर अधिकारियों ने मोनिका को जेवर लौटाने के निर्देश दिए, लेकिन उसने गहने वापस नहीं किए।

गिरफ्तारी के समय 9 महीने की गर्भवती थी

मार्च 2025 में मोनिका के खिलाफ साक्ष्य छुपाने और अमानत में खयानत की धाराओं में FIR दर्ज की गई। इसके बाद से वो फरार चल रही थीं, जिसे 2 फरवरी 2026 को जांच के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जेल प्रशासन के अनुसार, 9 महीने की गर्भवती होने के कारण उसका इलाज और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई।

इसी बीच 10 फरवरी को अचानक लेबर पेन उठने की वजह से महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने बच्चे को जन्म दिया है। फिलहाल, उसका अभी अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0