छत्तीसगढ़-यूपी बॉर्डर पर 1198 किलो गांजा जब्त, नारियल की भूसी के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे तस्कर
बलरामपुर जिले के धनवार चेकपोस्ट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1198 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। करीब 6 करोड़ रुपये कीमत का यह गांजा ओडिशा से राजस्थान ले जाया जा रहा था। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
छत्तीसगढ़-यूपी सीमा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 करोड़ का गांजा बरामद
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित धनवार चेकपोस्ट पर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1198 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बसंतपुर थाना पुलिस ने धनवार चेकपोस्ट पर विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान राजस्थान पंजीयन वाले एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
जांच के दौरान पुलिस को ट्रक में संदिग्ध सामान मिला। ट्रक के ऊपरी हिस्से में नारियल की भूसी भरी गई थी, जबकि उसके नीचे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था। विस्तृत जांच और वजन कराने पर कुल 1198 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनरीश कुमार और अम्बरीश कुमार निवासी रायबरेली तथा मनीष कुमार निवासी अमेठी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद चेकपोस्ट पर सघन जांच की गई थी। तलाशी के दौरान ट्रक से मादक पदार्थ बरामद होने पर तत्काल कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा नशीले पदार्थों की सप्लाई किन राज्यों तक की जा रही थी। मामले में पूछताछ और जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









