एअर इंडिया अहमदाबाद विमान हादसे के हताहतों को तत्काल ₹25 लाख देगा, एक करोड़ मुआवजा राशि अलग

Jun 14, 2025 - 19:21
 0  0
एअर इंडिया अहमदाबाद विमान हादसे के हताहतों को तत्काल ₹25 लाख देगा, एक करोड़ मुआवजा राशि अलग

नई दिल्ली. भारतीय एयरलाइंस एअर इंडिया ने अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर बड़ी घोषणा की है। एयर इंडिया ने कहा कि वह मृतक के परिजनों और घायलों को एक करोड़ रुपये के मुआवजे के अलावा 25 लाख रुपये का अंतरिम भुगतान करेगी। बता दें कि, गुरुवार 12 जून को दोपहर में अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एअर इंडिया का विमान एआई171 हादसे का शिकार हो गया था। ये विमान रिहायशी इलाके में मौजूद एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास पर गिरा था।
टाटा संस ने एक करोड़ के मुआवजे का किया एलान
इस भीषण हादसे पर टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन शोक जताते हुए कहा- एयर इंडिया फ्लाइट 171 से जुड़ी दुखद घटना से हम बहुत दुखी हैं। इस समय हम जो दुख महसूस कर रहे हैं, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और जो घायल हुए हैं। टाटा समूह इस त्रासदी में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवारों को ₹1 करोड़ की सहायता राशि देगा। हम घायलों के चिकित्सा व्यय को भी वहन करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें सभी आवश्यक देखभाल और सहायता मिले। इसके अतिरिक्त, हम बीजे मेडिकल के छात्रावास के निर्माण में सहायता प्रदान करेंगे। हम इस अकल्पनीय समय में प्रभावित परिवारों और समुदायों के साथ खड़े हैं।

विमान हादसे की जांच में मदद करेगा अमेरिका

अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया के बोइंग 787 विमान हादसे की जांच में अब अमेरिका की राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) भी शामिल होगी। एनटीएसबी ने अपने आधिकारिक ट्वीट में जानकारी दी है कि वह एक विशेषज्ञों की टीम भारत भेज रही है, जो भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के साथ मिलकर इस गंभीर हादसे की जांच में सहयोग करेगी।

अहमदाबाद विमान हादसे में 270 लोगों की मौत
एअर इंडिया विमान हादसे में अब तक कुल 270 लोगों की मौत हो चुकी है। इस विमान में सवार 230 यात्रियों में 217 वयस्क, 11 बच्चे और दो बच्चे शामिल थे। जिसमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक थे। 241 लोगों के साथ-साथ विमान के 12 क्रू मेंबर की भी इस हादसे में मौत हो गई है। सिर्फ एक शख्स चमत्कारिक रूप पर बच गया है। वहीं घटनास्थल पर मेडिकल छात्रावास और आस-पास मौजूद 29 अन्य लोगों की भी मौत हुई है और कई अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0