छत्तीसगढ़ के विकास में अहम भूमिका निभाएगा राज्य नीति आयोग : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में गणेश शंकर मिश्रा ने पदभार संभाला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के भविष्य की विकास योजनाओं को तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।
नवा रायपुर स्थित नीति भवन में गुरुवार को छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मौजूद रहे और मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि साक्ष्यों पर आधारित नीति निर्माण और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने भी विजन डॉक्यूमेंट 2047 तैयार किया है, जो राज्य के समग्र और दीर्घकालिक विकास का रोडमैप तय करेगा।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि नीति आयोग के माध्यम से भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई नीतियां बनाई जाएंगी, जिससे छत्तीसगढ़ को और समृद्ध बनाया जा सके।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी, विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी महापौर रामू रोहरा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









