छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई की
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने पिछले 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 132.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 66 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में एक महिला सहित कुल 11 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 5 आरोपी मध्य प्रदेश, 4 महाराष्ट्र और 2 ओडिशा के निवासी हैं। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 6 कारें भी जब्त की गई हैं, जिनकी कीमत 55 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत इस कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सिंघोड़ा, कोमाखान और बागबाहरा थाना क्षेत्रों में यह गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने 6 घंटे के भीतर थोक विक्रेता और खरीदार सहित पूरे नेटवर्क को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन में रायपुर, राजनांदगांव और भंडारा जिले की पुलिस का भी सहयोग मिला।
एसपी ने बताया कि साइबर थाना के डेटा एनालिटिक्स एंड इंटेलिजेंस डेस्क की विश्लेषण टीम ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में सोनपुर, ओडिशा की ओर से आ रही दो सफेद कारों - एक स्विफ्ट डिजायर (MP 20 ZT 1473) और एक टाटा इंडिका (MP 20 ZT 3724) - से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी।नेशनल हाईवे 53 पर नाकाबंदी कर इन कारों को रोका गया। स्विफ्ट डिजायर में जबलपुर जिले के भरतीपुर निवासी अमित राय (32) और टाटा इंडिका में देवताल, जबलपुर निवासी राजकुमार केंवट (50) सवार थे। एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान दोनों कारों से कुल 52.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने 4 मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
कार से 40 किलो गांजा जब्त
कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद वाहन जांच के दौरान बोलेरो (OD OSP 0321) से 40 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है। इस तस्करी में पुलिस ने तीन लेयर के आरोपी पकड़े हैं, जिसमें परिवहनकर्ता, बिक्री करने वाला और खरीदार शामिल है।
आरोपियों पर एनडीपीएस के तहत केस दर्ज
पकड़े गए लोगों में परिवहनकर्ता गजेन्द्र कुमार (29) निवासी करलापाडा, भवानीपटना, ओडिशा शामिल हैं, जिन पर ओडिशा में 5 अपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा बबलू मांझी (21), अक्षय वाघाडे (26), आयुष राहंगडाले (26), राकेश लांजीतार (23) और गांजा मंगाने वाला अक्षय उर्फ माईकल रंगारी (29) नागपुर, महाराष्ट्र भी शामिल हैं, जिन पर पहले से एनडीपीएस मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दो कार (MH 49 BZ 7641 और MH 49 BZ 7642) भी जब्त की हैं। इसके अलावा बागबाहरा में हुडई वेरना कार (MP 07 AG 8311) से भी 40 किलो गांजा जब्त किया गया। इस कार में सुमित श्रीवास्तव (33) और महिला रीना भदौरिया उर्फ रीना तोमर (40) को गिरफ्तार किया गया, जिसमें महिला पहले भी ओडिशा से गांजा ले जा चुकी है।
सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









