छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महिला ने इच्छापूर्ति दुर्गा गणेश मंदिर में पहले भगवान की दर पर माथा टेका, फिर हनुमानजी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट, स्टील के बर्तन, लड्डू गोपाल की पीतल की मूर्ति और झूले को चोरी कर अपने बैग में डाल लिया

Jan 11, 2026 - 17:10
 0  0
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महिला ने इच्छापूर्ति दुर्गा गणेश मंदिर में पहले भगवान की दर पर माथा टेका, फिर हनुमानजी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट, स्टील के बर्तन, लड्डू गोपाल की पीतल की मूर्ति और झूले को चोरी कर अपने बैग में डाल लिया

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महिला ने इच्छापूर्ति दुर्गा गणेश मंदिर में पहले भगवान की दर पर माथा टेका, फिर हनुमानजी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट, स्टील के बर्तन, लड्डू गोपाल की पीतल की मूर्ति और झूले को चोरी कर अपने बैग में डाल लिया।

इसके बाद जाते-जाते महिला ने चौखट पर दोबारा माथा टेका। इस चोरी का लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई जा रही है। मामला छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-02 संत रविदास नगर का है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविंद सिंह ने पुलिस को बताया कि, वे इच्छापूर्ति दुर्गा गणेश मंदिर मटका लाइन कैम्प-02 भिलाई समिति के अध्यक्ष हैं। मंदिर में पंडित भोला महाराज पूजा-पाठ का काम करते हैं। मंदिर के ऊपर बने कमरे में रहते हैं।

अरविंद सिंह के अनुसार मंदिर हर दिन सुबह 7 बजे खुलता है और दोपहर 12 बजे बंद होता है। इसके बाद शाम 4 बजे मंदिर दोबारा खोला जाता है और रात 9 बजे बंद किया जाता है। 9 जनवरी 2026 को प्रतिदिन की तरह शाम 4 बजे पंडित भोला महाराज ने मंदिर का गेट खोला और स्नान आदि के लिए अपने कमरे में चले गए।

करीब 2 घंटे बाद शाम करीब 6 बजे जब वे वापस मंदिर आए तो देखा कि मंदिर से हनुमान जी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट, स्टील के बर्तन और लड्डू गोपाल की पीतल की मूर्ति झूले सहित गायब थे।

थाने में दर्ज कराई शिकायत

चोरी की इस घटना की जानकारी उन्होंने तुरंत मंदिर समिति के सदस्यों राकेश सोनी और मुकेश अग्रवाल को दी। इसके बाद छावनी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

महिला की चोरी का यह वीडियो CCTV कैमरे में कैद हो गया है। महिला एक व्यक्ति के साथ मंदिर में आई थी। वह व्यक्ति बाइक पर ही बाहर खड़े रहता है। महिला अंदर आकर पहले भगवान को प्रणाम करती है। उसके बाद धीरे-धीरे मंदिर का सारा कीमती सामान अपने बैग में भरना शुरू कर देती है।

आखिरी में जाते-जाते मंदिर की सीढ़ियों पर माथा टेककर प्रणाम करती है और बाइक पर बैठकर चली जाती है। फिलहाल, पुलिस महिला की पहचान कर उसकी तलाश में जुट गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0