राजधानी रायपुर में फरार और लंबे समय से न्यायालय के वारंट पर चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की
राजधानी रायपुर में फरार और लंबे समय से न्यायालय के वारंट पर चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
नॉर्थ जोन में एक ही रात चले विशेष अभियान के दौरान कुल 182 वारंटियों को पकड़ा गया, जिनमें 7 साल से फरार एक आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने अधिकांश आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार आरोपियों में महिला वारंटी भी शामिल है।
पांच थानों में पुलिस का एक्शन
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णीमा लामा के नेतृत्व में अभियान मंगलवार की सुबह चलाया गया। अभियान के तहत थाना खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पण्डरी एवं खम्हारडीह थाना क्षेत्रों में स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों के विरुद्ध एक साथ दबिश दी गई।
152 वारंटियों को भेजा जेल
थानावार कार्रवाई की बात करें तो थाना खमतराई से 27 स्थायी और 13 गिरफ्तारी वारंट, थाना उरला से 38 स्थायी और 3 गिरफ्तारी वारंट, थाना गुढ़ियारी से 17 स्थायी और 18 गिरफ्तारी वारंट, थाना पण्डरी से 18 स्थायी और 4 गिरफ्तारी वारंट तथा थाना खम्हारडीह से 10 स्थायी और 4 गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की गई। इस तरह कुल 110 स्थायी और 42 गिरफ्तारी वारंटों की तामिली कर कुल 152 वारंटियों को जेल भेजा गया।
इन मामलों के आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में चोरी, लूट, मारपीट, नारकोटिक्स एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट सहित अन्य गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार वारंटी शामिल हैं। कई आरोपी वर्षों से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस और कानून से बचते फिर रहे थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









