रजिस्ट्री-शुल्क बढ़ोतरी के विरोध प्रदर्शन का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Feb 12, 2026 - 08:40
 0  0
रजिस्ट्री-शुल्क बढ़ोतरी के विरोध प्रदर्शन का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से बढ़ाए गए रजिस्ट्री शुल्क के विरोध में नवंबर-दिसंबर 2025 में जमीन व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया था। लंबी हड़ताल के बाद प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था।

घटना के बाद पुलिस ने जमीन व्यापारियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज किया था। इसी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनोज राजपूत को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर थाने लाया। सक्षम जमानतदार पेश किए जाने पर उसे जमानत मुचलके पर छोड़ दिया गया।

इस मामले में कई आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही है।

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक में बिना अनुमति मार्ग बाधित कर प्रदर्शन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल से हाथापाई करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने मनोज राजपूत को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

1 दिसंबर 2025 को हुई थी घटना

यह घटना 1 दिसंबर 2025 की है। पटेल चौक स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने कुछ लोगों ने जमीन रजिस्ट्री की बढ़ी हुई दरों के विरोध में बिना किसी सूचना और अनुमति के प्रदर्शन शुरू कर दिया था।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर यातायात रोक दिया था, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

पुलिस से हुई थी हाथापाई

मौके पर मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन वे उग्र हो गए। आरोप है कि उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई की और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई।

घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर सहित आरक्षक केशव कुमार, तुषार सलामे, अजय साहू और हिमांशु जंघेल को चोटें आई थी। इस मामले में सिटी कोतवाली दुर्ग थाने में केस दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।

मनोज राजपूत गिरफ्तार, फिर मिली जमानत

पुलिस ने बताया कि आरोपी मनोज राजपूत (50), निवासी वार्ड क्रमांक 16, सिकोला भाठा दुर्ग को विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में सक्षम जमानतदार पेश होने पर उसे जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

गिरफ्तार आरोपियों में अनिल वासनिक, विक्की चंद्राकर, दिनेश पाण्डेय, राकेश यादव, जितेन्द्र बत्रा और मनोज राजपूत शामिल हैं।

चार फरार आरोपियों की तलाश जारी

फरार आरोपियों में शुभम सिंह राजपूत, यशवंत सिंह राजपूत, ओमप्रकाश कोटवानी, गीतेश ठाकुर सहित अन्य की तलाश लगातार जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0