भिलाई में तंत्र-मंत्र और ट्रेडिंग के नाम पर 85 लाख की ठगी: जिन्न-प्रेत का डर दिखाया, पति की मौत के बाद भी ऐंठता रहा पैसा
भिलाई में महिला से तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ, शेयर ट्रेडिंग और सरकारी नौकरी का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
छत्तीसगढ़ के भिलाई में अंधविश्वास और निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। एक महिला से घरेलू समस्याएं दूर करने, तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ, शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने और सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपये ठग लिए गए। मामले में भिलाई नगर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन बधोरिया को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आरोपी के बैंक खातों, लेनदेन और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
रायपुर में हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, पीड़िता संगीता कश्यप ने करीब 16 दिन पहले शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात जबलपुर निवासी पवन बधोरिया से हुई थी।
बातचीत के दौरान महिला ने परिवार की परेशानियों का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने दावा किया कि वह विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए सभी समस्याओं का समाधान कर सकता है। इसके बाद उसने लगातार संपर्क बनाए रखा और अलग-अलग बहानों से पैसे मांगना शुरू कर दिया।
जिन्न और प्रेत का डर दिखाकर करता रहा वसूली
शिकायत के मुताबिक आरोपी महिला को बार-बार यह कहकर डराता था कि उसके परिवार पर जिन्न और प्रेत का साया है। वह दावा करता था कि यदि समय रहते विशेष पूजा नहीं कराई गई तो परिवार पर बड़ा संकट आ सकता है।
वह गुप्त पूजा, 43 दिन तक दीपक जलाने और विशेष धार्मिक अनुष्ठान कराने के नाम पर लगातार पैसे लेता रहा।
पति के एक्सीडेंट की आशंका जताई, बाद में हुई मौत
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने कहा था कि विशेष पूजा नहीं कराई गई तो उसके पति का सड़क हादसा हो सकता है। इसके लिए उसने करीब डेढ़ लाख रुपये भी लिए।
कुछ समय बाद महिला के पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इसके बावजूद आरोपी ने महिला के दुख और मानसिक स्थिति का फायदा उठाते हुए अस्पताल में इलाज के दौरान भी अलग-अलग बहानों से पैसे मांगना जारी रखा। कभी मां के ऑपरेशन, कभी पिता की मौत और कभी खुद के कानूनी मामलों का हवाला देकर रकम लेता रहा।
शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच
आरोपी ने महिला के बेटे को भी अपने झांसे में लिया। उसने शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया और दावा किया कि वह बड़े निवेशकों के साथ काम करता है।
महिला और उसके बेटे ने कई किस्तों में बड़ी रकम उसके खातों में भेज दी, लेकिन न कोई मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस मिली।
धमकियां देकर करता रहा उगाही
पीड़िता के अनुसार, जब पैसे लौटाने की मांग की गई तो आरोपी टालमटोल करने लगा। उसने व्हाट्सएप पर अपने हाथ की नस काटने की तस्वीर भेजकर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की।
इसके अलावा उसने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाया और भोपाल बुलाकर चार लाख रुपये नकद भी ले लिए। बाद में उसने झूठे मामलों में फंसाने और गुंडों से जान से मारने की धमकी देकर भी पैसे ऐंठे।
इंदौर से गिरफ्तार, बैंक खातों की जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर भिलाई पुलिस इंदौर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर भिलाई लाई।
पुलिस ने आरोपी के पास से बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस कर रही है विस्तृत जांच
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, आरोपी पहले बिलासपुर के उसलापुर में रहता था और बाद में इंदौर के गांधी नगर क्षेत्र में रहने लगा। पुलिस अब उसके बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









