बीजापुर के जंगलों में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 2 वर्दीधारी नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। दो वर्दीधारी नक्सली मारे गए, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। आज सुबह जंगलों में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों का सामना माओवादियों से हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी शुरू हो गई।
यह मुठभेड़ इंद्रावती नदी के आसपास के घने वन क्षेत्र में हुई। सुरक्षाबलों को पहले से ही खुफिया जानकारी मिली थी कि इलाके में नक्सलियों की गतिविधि देखी गई है। इसी सूचना के आधार पर जवानों की टीम मौके पर रवाना हुई और सर्चिंग शुरू की गई।
सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद घटनास्थल से दो वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए गए। मौके से SLR, INSAS और 12 बोर की राइफल सहित बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी मिला है।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सर्चिंग के दौरान विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे। मुठभेड़ के दौरान कई नक्सली जंगल और भौगोलिक हालात का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश लगातार जारी है।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी और जवानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
मुठभेड़ से एक दिन पहले मिरतुर थाना क्षेत्र के एटेपाल-इंद्रिनार गांव में सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा बनाया गया स्मारक भी ध्वस्त किया था। इसके बाद से ही पूरे इलाके में दबाव बढ़ाया जा रहा है।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा पहले ही 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे का संकल्प दोहरा चुके हैं। मौजूदा कार्रवाई को इसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









