Durg Railway Station पर रविवार रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक यात्री अचानक संतुलन खो बैठा और चलती ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान की तत्परता से यात्री की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन स्टेशन से रवाना हो चुकी थी और धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही थी। इसी दौरान एक यात्री जल्दबाजी में ट्रेन में चढ़ने लगा। पैर फिसलने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में जा गिरा। हादसे के बाद वह करीब 50 मीटर तक ट्रेन के साथ घसीटता रहा।
घटना देखते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। तभी ड्यूटी पर मौजूद RPF के एएसआई निरंजन ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने पहले ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया और फिर तेजी से दौड़कर यात्री को पकड़कर बाहर खींच लिया। उनकी सूझबूझ और फुर्ती के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद यात्री को प्राथमिक जांच के लिए रेलवे कर्मचारियों की मदद से सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार यात्री को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस पूरी घटना का वीडियो स्टेशन पर मौजूद किसी यात्री ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह कुछ सेकंड की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती थी।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। थोड़ी सी जल्दबाजी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।