दक्षिण वसुंधरा नगर में दिनदहाड़े चोरी, घर सूना देख चोरों ने किया ताला तोड़कर माल पार

भिलाई। भिलाई-3 के दक्षिण वसुंधरा नगर में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर की एक महिला सदस्य, जो जिला अस्पताल दुर्ग में कार्यरत हैं, अन्य कर्मचारियों के साथ आंदोलन में शामिल होने गई थीं। वहीं, उनकी मां जो भिलाई चरोदा नगर निगम में कर्मचारी हैं, ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर घर में घुसकर अलमारी और अन्य जगहों को खंगालते हुए कीमती सामान चुरा लिया।
पुलिस को संदेह है कि चोरों ने पहले से घर की रेकी की थी और पूरा प्लान बनाकर इस घटना को अंजाम दिया है। चोरी की जानकारी मिलते ही महिला ने भिलाई-3 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुछ संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में कुछ युवक दिखाई दे रहे हैं, हालांकि उनके चेहरे साफ नहीं हैं। पुलिस अन्य कैमरों की मदद से पहचान की कोशिश कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल चोरी गए सामान की कीमत का आकलन किया जा रहा है।
००००
What's Your Reaction?






