छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी: रायपुर-बिलासपुर में लंबी कतारें, प्रशासन बोला- स्टॉक पर्याप्त
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों के बीच प्रशासन ने कहा कि राज्य में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। कुछ पंप अस्थायी रूप से ड्राई होने और अफवाहों के चलते लोग फुल टैंक करवाने पहुंच रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरों और अफवाहों के बीच राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में गुरुवार को पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि कुछ पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होने की स्थिति भी बनी। हालांकि प्रशासन और तेल कंपनियों ने साफ कहा है कि राज्य में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
रायपुर में हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों और तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने बताया कि लोग अफवाहों के कारण सामान्य से अधिक मात्रा में पेट्रोल भरवा रहे हैं। जहां पहले लोग जरूरत के हिसाब से ईंधन लेते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में वाहन चालक टंकी फुल करवाने पहुंच रहे हैं, जिससे अचानक दबाव बढ़ गया।
24 घंटे होगी सप्लाई
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने डिपो से पेट्रोल-डीजल सप्लाई की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब टैंकरों को 24 घंटे आवाजाही की अनुमति दी गई है ताकि पंपों तक लगातार सप्लाई पहुंचती रहे। पहले सीमित समय में ही टैंकरों की एंट्री की अनुमति थी।
रायपुर के कई पंपों पर लंबी लाइन
राजधानी के आमानाका, पचपेड़ी, सुंदर नगर, शहीद स्मारक और घड़ी चौक इलाके के पेट्रोल पंपों पर शाम तक भारी भीड़ बनी रही। कुछ पंपों पर लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। वहीं राजकुमार कॉलेज और जीई रोड के पास कुछ पेट्रोल पंपों पर स्टॉक खत्म होने के कारण अस्थायी रूप से बिक्री रोकनी पड़ी।
कई लोगों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि कुछ पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया है, इसलिए वे पहले ही फ्यूल भरवाने पहुंच गए।
बिलासपुर में 13 पेट्रोल पंप ड्राई
बिलासपुर में स्थिति ज्यादा प्रभावित नजर आई, जहां शहर और आउटर क्षेत्र के करीब 13 पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो गया। जानकारी के मुताबिक कुछ पंप संचालकों द्वारा तेल कंपनियों को भुगतान समय पर नहीं किए जाने के कारण सप्लाई बाधित हुई थी। हालांकि बाद में भुगतान होने के बाद डिपो से टैंकर रवाना कर दिए गए।
जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कमर्शियल उपयोग के लिए पेट्रोल-डीजल देने पर अस्थायी रोक लगा दी है ताकि आम उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
सरकार का दावा- पर्याप्त स्टॉक मौजूद
राज्य के खाद्य विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में फिलहाल पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। विभाग का कहना है कि सप्लाई लगातार जारी है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश में हजारों पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं और केवल कुछ स्थानों पर अस्थायी ड्राई आउट की स्थिति बनी है, जिसे जल्द सामान्य किया जा रहा है।
दुर्ग-भिलाई और एमसीबी में भी असर
दुर्ग-भिलाई में भी पेट्रोल खत्म होने की खबरों के बाद शाम को कई पंपों पर लंबी कतारें देखी गईं। वहीं एमसीबी जिले के केल्हारी क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर लंबे समय से पेट्रोल नहीं मिलने के कारण दूसरे पंप पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहां कई वाहन चालकों को सीमित मात्रा में ही पेट्रोल दिया गया।
प्रशासन की अपील
प्रशासन और पेट्रोलियम संगठनों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। अधिकारियों का कहना है कि घबराहट में जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने से ही अस्थायी दबाव की स्थिति बन रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









