छत्तीसगढ़ के मुंगेली में हिंदू संगठन से जुड़े एक युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया

Jan 3, 2026 - 08:33
 0  0
छत्तीसगढ़ के मुंगेली में हिंदू संगठन से जुड़े एक युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया

छत्तीसगढ़ के मुंगेली में हिंदू संगठन से जुड़े एक युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। हिंदू संगठनों का आरोप है कि युवक ने पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की है। मरने से पहले युवक ने वीडियो बनाया और सोहेल खान नाम के युवक को मौत का जिम्मेदार बताया। बांग्लादेश हिंसा के विरोध में प्रदर्शन करने के बाद सोहेल ने युवक के साथ मारपीट की थी।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि शिकायत के बाद भी सोहेल के खिलाफ कार्रवाई नहीं जा रही है। इसके अलावा युवक पर बयान बदलने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। मरने से पहले युवक ने वीडियो बनाते हुए कहा कि मैं मरने जा रहा हूं। जिसका कारण सोहेल खान है।

युवक ने कहा कि पुलिसवालों ने झूठा बयान लिया है। राम सिंह भैय्या और छत्रपाल भाई मुझे इंसाफ दिला देना। घटना के बाद बिलासपुर में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने सिटी कोतवाली थाना का घेराव कर विरोध जताया। कार्यकर्ता सड़क जामकर धरने पर बैठ गए।

तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। शहर के आसपास के थानों के टीआई भी मौके पर मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपी युवक को फौरन गिरफ्तार किया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होती है तो आगे जो भी होगा, उसका जिम्मेदार शासन-प्रशासन होगा।

SSP रजनेश सिंह ने इस मामले पर कहा कि शुक्रवार देर शाम आरोपी सोहेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रार्थी से घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद उसके बताए अनुसार रिपोर्ट लिखी गई थी। CCTV साक्ष्य जुटाए गए हैं। लेकिन इसी बीच प्रार्थी ने मुंगेली में अपने निवास में आत्महत्या की है। इसकी जांच मुंगेली पुलिस कर रही है। प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, नरेश साहू (19) मूल रूप से मुंगेली के बामपारा का रहने वाला था। वह चिंगराजपारा गणेश चौक सरकंडा में रहकर प्राइवेट जॉब करता था। इसके अलावा वह हिंदू संगठन से भी जुड़ा था। 28 दिसंबर 2025 को हिंदू संगठन की ओर से बांग्लादेश हिंसा के विरोध में प्रदर्शन किया गया था।

इस विरोध प्रदर्शन में नरेश भी शामिल हुआ था। आरोप है कि 31 दिसंबर की रात करीब 8:50 बजे नरेश बाइक से शनिचरी होते हुए घर लौट रहा था। इसी दौरान शनिचरी रपटा के पास सोहेल खान अपने एक साथी के साथ बाइक से नरेश का पीछा करते हुए पहुंचा। दोनों ने नरेश के सामने बाइक अड़ाकर उसे रोक लिया।

युवक के साथ मारपीट की, बाइक छोड़कर भागा

यह भी आरोप है कि सोहेल और उसके दोस्त ने गाली-गलौज करते हुए नरेश के साथ मारपीट की। बीच-बचाव के दौरान उसके कपड़े भी फट गए। इसी दौरान सोहेल ने चाकूनुमा हथियार निकालकर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण नरेश अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग गया।

हिंदूवादी नेता को भी जान से मारने की धमकी दी

बाद में उसने बिलासपुर सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। नरेश का कहना था कि सोहेल और उसके दोस्त ने उसे यह कहते हुए पीटा कि वह हिंदूवादी नेता राम सिंह के साथ घूमता है। उन्होंने राम सिंह को भी जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर मुंगेली गया

जबकि सोहेल का कहना है कि उसने नरेश के साथ मारपीट नहीं की है। घटना के दौरान वह मौके पर था ही नहीं। इधर, आरोप है कि पुलिसवालों ने नरेश पर बयान बदलने के लिए दबाव बनाया। जिससे वह परेशान था। बाद में वह अपने मुंगेली वाले घर चला गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0