खल्लारी रोपवे हादसा: शिक्षिका की मौत, 16 श्रद्धालु घायल, लापरवाही पर FIR दर्ज
छत्तीसगढ़ के महासमुंद स्थित खल्लारी माता मंदिर में रोपवे हादसे में एक शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हैं। हाई भीड़ के बीच केबल टूटने से ट्रॉली गिर गई। लापरवाही पर FIR दर्ज।
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। चैत्र नवरात्रि के दौरान दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच रोपवे की केबल टूटने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक शिक्षिका की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान आयुषी धावरे के रूप में हुई है, जो पाटन के आत्मानंद स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। वे रायपुर में निवास करती थीं और उनकी शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी। इस हादसे ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर से नीचे लौट रही रोपवे ट्रॉली अचानक केबल टूटने के कारण अनियंत्रित हो गई और पहाड़ी से टकराते हुए करीब 20 फीट नीचे गिर गई। इस जोरदार टक्कर में ट्रॉली में सवार कई लोगों को गंभीर चोटें आईं, जिनमें आयुषी ने दम तोड़ दिया।
इसी दौरान ऊपर जा रही दूसरी ट्रॉली भी संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई, जिससे उसमें बैठे श्रद्धालु भी घायल हो गए। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में कुल 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। महासमुंद निवासी एक व्यक्ति को वेंटिलेटर पर रखा गया है, जबकि अन्य गंभीर घायलों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है। वहीं, कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
मृतक शिक्षिका के पति, देवर और ननद भी इस हादसे में घायल हुए हैं और उनका इलाज रायपुर में चल रहा है। यह हादसा ऐसे समय में हुआ जब मंदिर में नवरात्रि के चलते भारी भीड़ उमड़ी हुई थी।
स्थानीय लोगों ने रोपवे के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि समय पर मेंटेनेंस नहीं होने के कारण यह दुर्घटना हुई।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर रोपवे संचालक कंपनी और दो कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इस हादसे के पीछे किसकी जिम्मेदारी थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









