Operation Nishchay: महासमुंद में 912 किलो गांजा बरामद, ओडिशा से यूपी जा रही खेप पकड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 912 किलो गांजा जब्त किया। केला लोड वाहन में छिपाकर ओडिशा से यूपी ले जाई जा रही खेप पकड़ी गई, एक आरोपी गिरफ्तार।
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा जब्त करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह की साजिश को नाकाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और बसना थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक मालवाहक वाहन संदिग्ध हालत में आ रहा है। सूचना के आधार पर पलसापाली बैरियर के पास पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका।
जांच के दौरान सामने आया कि वाहन में केले की खेप लदी हुई थी, लेकिन सघन तलाशी लेने पर उसके बीच छिपाकर गांजा रखा गया था। कुल 29 बोरियों में करीब 912.760 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4.56 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
तस्करों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए वाहन में फर्जी नंबर प्लेट का भी इस्तेमाल किया था। इस मामले में झारखंड के जमशेदपुर निवासी 42 वर्षीय आरोपी अब्दुल नईम को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने गांजा के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त किए हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 4.66 करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश भेजी जा रही थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके चलते तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। पिछले तीन महीनों में ही पुलिस ने 70 से अधिक मामलों में 5 हजार किलो से ज्यादा गांजा जब्त कर 180 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









