केरल विधानसभा चुनाव 2026 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद भी मुख्यमंत्री के नाम पर तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। चुनाव परिणाम आए लगभग एक सप्ताह होने वाला है, लेकिन कांग्रेस हाईकमान अब तक अंतिम फैसला लेने में जुटा हुआ है।
दिल्ली में बुधवार देर रात तक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने केरल के कई नेताओं के साथ लंबी बैठक की। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर दो बड़े गुट आमने-सामने हैं, जिससे फैसला लगातार टलता जा रहा है।
वेणुगोपाल और सतीशन के बीच सीधी टक्कर
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और विपक्ष के नेता रहे वीडी सतीशन माने जा रहे हैं। पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों का एक बड़ा वर्ग वेणुगोपाल के समर्थन में बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि लगभग 63 में से 47 विधायक उनके पक्ष में हैं।
वहीं दूसरी ओर, जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं और UDF के अहम सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) की पसंद वीडी सतीशन बताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि विपक्ष के नेता रहते हुए सतीशन ने राज्यभर में कांग्रेस को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई, जिसका फायदा चुनाव में मिला।
वायनाड में विरोध के पोस्टर
मुख्यमंत्री पद को लेकर वायनाड में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। वहां कुछ स्थानों पर ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें चेतावनी दी गई है कि अगर वीडी सतीशन की जगह केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री बनाया गया, तो वायनाड कांग्रेस के लिए “अमेठी” साबित हो सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह संदेश सीधे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि वायनाड कांग्रेस नेतृत्व के लिए एक अहम राजनीतिक केंद्र बन चुका है।
‘पैराशूट CM’ बनाम ‘ग्राउंड लीडर’ की बहस
मुख्य विवाद इस बात को लेकर है कि केसी वेणुगोपाल को कई नेता “पैराशूट उम्मीदवार” मान रहे हैं, क्योंकि वे लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति और संगठन में सक्रिय हैं। वहीं सतीशन को जमीन पर संघर्ष करने वाला चेहरा माना जा रहा है, जिसने विपक्ष में रहते हुए सरकार को लगातार घेरा और संगठन को मजबूत बनाए रखा।
हालांकि पूर्व नेता रमेश चेन्निथला का नाम भी चर्चा में है, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से वेणुगोपाल और सतीशन के बीच ही माना जा रहा है।
आज हो सकता है अंतिम फैसला
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान 14 मई को मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला ले सकता है। इसके बाद UDF विधायक दल की बैठक बुलाकर नेता का औपचारिक चुनाव किया जा सकता है। संभावना है कि नई सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात करे।