नोएडा के सेक्टर 104 स्थित एटीएस वन हमलेट सोसायटी में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक अजय गर्ग की 17वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर मौत
नोएडा के सेक्टर 104 स्थित एटीएस वन हमलेट सोसायटी में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक अजय गर्ग की 17वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर मौत हो गई।
सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के सेक्टर 104 स्थित एटीएस वन हमलेट सोसायटी की 17वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक (गैस बिजनेस डवलपमेंट) अजय गर्ग की शनिवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने फील्ड यूनिट बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। पुलिस ने कोई शिकायत मिलने से इनकार किया है। पुलिस हादसा और आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है।
नोएडा सेक्टर 104 स्थित एटीएस वन हमलेट सोसायटी में रहने वाले अजय गर्ग इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में कार्यकारी निदेशक के पद पर दिल्ली में कार्यरत थे। वह शनिवार को सोसायटी की 17वीं मंजिल के अपने फ्लैट में पत्नी मयूरी गर्ग के साथ थे।
पत्नी के मुताबिक सुबह करीब सवा दस बजे किसी से फोन पर बात करते हुए बालकनी की ओर गए थे। पांच मिनट में आने की बात बोल रहे थे। इसी बीच संदिग्ध परिस्थितियों में बालकनी से नीचे गिर गए। गिरने की आवाज सुनकर सुरक्षा गार्ड मौके की ओर भागे। अजय लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े थे।
रविवार को होगा अंतिम संस्कार
अजय की पत्नी और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। लहूलुहान अवस्था में अजय को तत्काल नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मुंबई में रहने वाले अजय के बेटे भी शाम को नोएडा पहुंच गए। रविवार को अंतिम संस्कार करने की बात कही जा रही है।
थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि मामले में जांच कराई जा रही है। पुलिस को मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। घटना का पता लगाने के लिए सोसायटी और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी मदद ली जा रही है।
लीडरशिप लोगों में से थे एक
अजय गर्ग इंडियन आयल में मुख्य लीडरशिप लोगों में से एक थे। वह बोर्ड आफ डायरेक्टर्स से ठीक नीचे के लेवल पर काम करते थे। उन्होंने कंपनी के गैस और बिजनेस डेवलपमेंट ऑपरेशंस में अहम भूमिका निभाई थी। मूल रूप से कानपुर के रहने वाले अजय नोएडा में तीन दशक से रह रहे थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









