Bhilai Steel Plant Fire: टर्बाइन सेक्शन में धमाका, आग से मचा हड़कंप, कई कर्मचारी झुलसे
छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट में टर्बाइन सेक्शन में ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में 7 कर्मचारी घायल हुए हैं। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब पावर प्लांट-2 के टर्बाइन सेक्शन में अचानक धमाका हुआ और उसके बाद भीषण आग लग गई। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टर्बाइन में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और उसके तुरंत बाद आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए 6 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
हादसे के समय प्लांट में कई कर्मचारी काम कर रहे थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पीछे के रास्तों का इस्तेमाल किया गया। समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से बड़ी जनहानि टल गई।
इस घटना में 7 कर्मचारियों के घायल होने की खबर है। इनमें कुछ बीएसपी कर्मचारी और ठेका श्रमिक शामिल हैं। एक कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर की सूचना है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और प्लांट प्रबंधन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि टर्बाइन सेक्शन में धमाका किन परिस्थितियों में हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









