रायपुर में पुलिस आरक्षक को हेरोइन (चिट्टा) बेचते गिरफ्तार हुआ

Feb 11, 2026 - 18:30
 0  0
रायपुर में पुलिस आरक्षक को हेरोइन (चिट्टा) बेचते गिरफ्तार हुआ

रायपुर में पुलिस आरक्षक को हेरोइन (चिट्टा) बेचते गिरफ्तार हुआ है। आरक्षक हिमांशु बर्मन के पास से करीब 1 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ है। जिसकी कीमत लगभग 8 हजार रुपए बताई जा रही है। मामला टिकरापारा थाना इलाके का है।

पुलिस के मुताबिक, 11 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा इलाके में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन (CG-04-PW-1372) में बैठकर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।

आरोपी निकला पुलिस आरक्षक

सूचना मिलते ही टिकरापारा और आजाद चौक थाने की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से प्लास्टिक की झिल्ली में रखा करीब 1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी की पहचान हिमांशु बर्मन (34) के रूप में हुई, जो रायपुर में पदस्थ आरक्षक है। वह मूल रूप से ग्राम कुंडा, जिला कबीरधाम का रहने वाला है और वर्तमान में जनता कॉलोनी, पुलिस लाइन रायपुर में रह रहा था।

NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ केस

आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 119/26, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

‘सोर्स टू डेस्टिनेशन’ एंगल से जांच

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस अब ‘सोर्स टू डेस्टिनेशन’ एंगल से जांच कर रही है। जिससे मादक पदार्थ की सप्लाई चेन से जुड़े बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0