रायपुर में दर्दनाक हादसा: धान से भरा ट्रक कार पर पलटा, इलाज के बाद घर लौट रहे दंपती समेत 3 की मौत
रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में धान से लदा ट्रक कार पर पलट गया। हादसे में सर्जरी के बाद लौट रहे पति-पत्नी और कैब ड्राइवर की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया है।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। विधानसभा थाना क्षेत्र में धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। इस हादसे में कार सवार पति-पत्नी और कैब चालक की जान चली गई।
मृतकों की पहचान राजकुमार शर्मा (66) और उनकी पत्नी पद्मा शर्मा के रूप में हुई है, जो बलौदाबाजार के निवासी थे। हादसे में कार चला रहे ड्राइवर प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई।
सर्जरी के बाद घर लौट रहे थे दंपती
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, राजकुमार शर्मा हाल ही में रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनकी सफल बाइपास सर्जरी हुई थी। लंबे समय से अस्पताल में रहने के कारण वे घर जाने की इच्छा जता रहे थे।
रविवार शाम अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिवार ने घर लौटने की तैयारी की। बड़े बेटे ने पुणे से ऑनलाइन कैब बुक की, ताकि माता-पिता सुरक्षित घर पहुंच सकें। लेकिन यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर बन गय
कैसे हुआ हादसा
जैसे ही कार पुरानी विधानसभा क्षेत्र के नरदहा के पास पहुंची, सामने स्पीड ब्रेकर के कारण वाहन की गति धीमी थी। उसी दौरान पीछे से आ रहा धान से लदा ट्रक ओवरटेक करने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ब्रेकर पर झटका लगते ही ट्रक का लॉकिंग हुक टूट गया, जिससे ट्रक संतुलन खो बैठा और बाईं ओर चल रही कार पर पलट गया। ट्रक के साथ धान से भरी बोरियां भी सीधे कार पर गिर पड़ीं।
रेस्क्यू के बावजूद नहीं बची जान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे पति-पत्नी को बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
हालांकि इलाज शुरू होने के करीब आधे घंटे के भीतर दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रक पलौद स्थित धान केंद्र से दोंदेकला की ओर जा रहा था। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की लापरवाही और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









