भिलाई स्टील प्लांट से 250 टन लोहा चोरी, राख के नीचे छिपाकर बाहर निकाल रहे थे आरोपी
भिलाई स्टील प्लांट से फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर 250 टन लोहा चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 3.22 करोड़ रुपये का लोहा और कई वाहन जब्त किए हैं। मामले में अंदरूनी मिलीभगत की जांच जारी है।
दुर्ग जिले के भिलाई स्टील प्लांट में करोड़ों रुपये के लोहा चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 250 टन चोरी का लोहा बरामद किया है। इस पूरे मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जांच में कई और लोगों की संलिप्तता सामने आने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले कई महीनों से बेहद सुनियोजित तरीके से प्लांट से लोहा बाहर निकाल रहे थे। चोरी किए गए लोहे को फ्लाई ऐश यानी राख के नीचे छिपाकर वाहनों के जरिए प्लांट से बाहर ले जाया जाता था, ताकि किसी को शक न हो।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर निगरानी शुरू की थी। संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और 27 मई को टीम अकलोरडीह इलाके स्थित एक गोदाम तक पहुंची। वहां छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में लोहा बरामद हुआ।
पुलिस ने गोदाम से लोहे के प्लेट, बीम कटिंग और अन्य सामग्री सहित लगभग 250 टन माल जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा दो हाईवा, दो ट्रक, दो छोटे मालवाहक वाहन, एक जेसीबी, एक हाइड्रा और अन्य मशीनें भी जब्त की गई हैं।
मामले में ट्रक चालक चितानंद साहू, गीतेश वर्मा, मिथेन ठाकुर और एके ट्रेडर्स से जुड़े पर्यवेक्षक निर्मल सिंह को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चोरी का यह लोहा भिलाई स्टील प्लांट के एसएमएस-3 यूनिट से निकाला गया था। पुलिस को संदेह है कि इस पूरे नेटवर्क में प्लांट के कुछ कर्मचारियों, ट्रांसपोर्टरों और सुरक्षा से जुड़े लोगों की भी भूमिका हो सकती है।
गौरतलब है कि प्लांट की सुरक्षा के लिए CISF के जवान और बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे तैनात हैं। इसके बावजूद इतने बड़े स्तर पर लोहा चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और परिवहन रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
घटना के बाद भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने भी अलग से जांच समिति गठित की है। समिति चोरी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल संभावित लोगों की भूमिका की पड़ताल करेगी। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









