दुर्ग में तेज रफ्तार कार का कहर: रेड सिग्नल तोड़ 3 लोगों को मारी टक्कर, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
दुर्ग के सुपेला इलाके में तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल पर खड़े दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने नशे में कार चला रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। सुपेला थाना क्षेत्र के चंद्रा-मौर्य चौक पर तेज रफ्तार एसयूवी कार ने रेड सिग्नल पर खड़े दोपहिया वाहनों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना दोपहर करीब ढाई बजे हुई। काले रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार रायपुर की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार काफी तेज गति में थी और चालक ने रेड सिग्नल की अनदेखी करते हुए सीधे सिग्नल पर रुकी बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में 16 वर्षीय नूर खान की मौके पर ही मौत हो गई। वह गर्मी की छुट्टियों में अपने रिश्तेदार सलीम अली के साथ एसी रिपेयरिंग का काम सीख रहा था। उसी स्कूटी पर दोनों काम के लिए निकले थे। इस हादसे में मनोहर कुमार गोनाडे की भी जान चली गई।
घायल सलीम अली को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार के लोगों का कहना है कि उनका इलाज काफी महंगा पड़ रहा है और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मदद की जरूरत है। बताया जा रहा है कि हादसे से एक दिन पहले ही सलीम अली के घर बेटी का जन्म हुआ था। परिवार में खुशी का माहौल था, जो अब मातम में बदल गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कार चालक सागर जायसवाल नशे की हालत में वाहन चला रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले से भी नशे से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह पहले एनडीपीएस एक्ट के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
सुपेला पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब हादसे के सभी तकनीकी और सीसीटीवी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त चौक होने के बावजूद वहां ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी नहीं रहती, जिससे नियम तोड़ने वालों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









