छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जामुल थाना क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी आईपीएल मैचों पर मोबाइल के माध्यम से सट्टा लगा रहे थे।
पुलिस को 5 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खेदामारा गांव के नहर किनारे कुछ युवक ऑनलाइन सट्टेबाजी में शामिल हैं। सूचना के आधार पर जामुल पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान तीनों आरोपी मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। पूछताछ में सामने आया कि वे “BET BHAI 9” नाम के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए यह अवैध काम कर रहे थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलते थे और कार व स्कूटी के जरिए अलग-अलग जगहों पर जाकर सट्टा संचालित करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक कार और एक स्कूटी जब्त की है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
मोबाइल की जांच के दौरान पुलिस को करीब 3 लाख रुपए तक के ऑनलाइन लेनदेन के सबूत भी मिले हैं, जिससे सट्टा नेटवर्क के बड़े स्तर पर संचालन का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डिकेश्वर सिन्हा उर्फ राजा (28), कुलेश्वर पटेल (28) और दीपेश कुमार लहरी उर्फ सन्नी (23) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।