दुर्ग जिले में एक शिक्षिका के घर से 75 हजार की चोरी हुई

Jan 13, 2026 - 12:07
 0  0
दुर्ग जिले में एक शिक्षिका के घर से 75 हजार की चोरी हुई

दुर्ग जिले में एक शिक्षिका के घर से 75 हजार की चोरी हुई है। ग्राम बठेना में 10 जनवरी को चोरों ने चंचल साहू के सूने मकान को निशाना बनाते हुए वारदात को अंजाम दिया। मामला पाटन थाना क्षेत्र का है।

घर का ताला तोड़कर चोर न सिर्फ घर से सोना-चांदी और नकदी ले गए, बल्कि पहचान छिपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया और डीवीआर साथ ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

वारदात के समय घर में कोई नहीं था

जानकारी के अनुसार, पीड़िता चंचल साहू ग्राम बठेना में अपने माता-पिता के साथ रहती हैं और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खम्हरिया में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।

चंचल साहू ने पाटन थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 10 जनवरी की शाम करीब 4 बजे वह अपने माता-पिता के साथ अपनी दीदी के घर धनोरा गई थीं। घर में ताला लगाकर सभी लोग बाहर गए थे, इसी दौरान चोरी हुई।

2 दिन बाद हुई चोरी की जानकारी

12 जनवरी की सुबह करीब 7:30 बजे गांव के ही पोषण साहू ने शिक्षिका चंचल साहू को फोन कर सूचना दी कि उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है।

सूचना मिलते ही चंचल साहू अपने माता-पिता और जीजा अरुण कुमार साहू के साथ तुरंत ग्राम बठेना स्थित अपने घर पहुंचीं। वहां देखा गया कि मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और घर के अंदर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था।

50 हजार रुपए नगद भी चुराए

पीड़िता के अनुसार आलमारियों के ताले तोड़े गए थे और ऊपर के कमरे में रखी अलमारी का सामान भी बाहर फैला दिया गया था। सामान का मिलान करने पर घर से एक नग सोने की चैन, एक नग सोने का झुमका, दो नग पुराने इस्तेमाल के चांदी के सिक्के और नकद 50 हजार रुपए गायब पाए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है।

चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और डीवीआर अपने साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो सके। पीड़िता ने घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0