छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले हेडमास्टर को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने सस्पेंड कर दिया

Feb 5, 2026 - 09:04
 0  0
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले हेडमास्टर को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने सस्पेंड कर दिया

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले हेडमास्टर को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने सस्पेंड कर दिया है। हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा स्कूल पहुंचने के बाद जमीन पर लेटकर आराम से सोते नजर आए थे। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका वीडियो बना लिया था। वे नशे की हालत में बच्चों को पढ़ाने की कोशिश भी करते रहे।

मामला रामानुजनगर ब्लॉक का है। जानकारी के मुताबिक, 2 फरवरी को भुनेश्वरपुर स्थित नर्मदापारा प्राथमिक स्कूल के हेडमास्टर नशे की हालत में स्कूल पहुंचे। इसके बाद वे अपने कक्ष में फर्श पर सोते पाए गए। जानकारी मिलने पर ग्रामीण स्कूल पहुंचे। ग्रामीणों ने जब हेडमास्टर का वीडियो बनाया तो उन्होंने सफाई दी कि पेट में गैस की समस्या होने के कारण वे लेटे थे।

BEO के रिपोर्ट पर कार्रवाई

ग्रामीणों की सूचना पर रामानुजनगर के बीईओ डीएस लकड़ा स्कूल पहुंचे। वहां शिक्षकों के साथ ग्रामीणों का बयान दर्ज किया गया। शिक्षक और ग्रामीणों ने बयान में बताया कि हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा पहले भी कई बार शराब के नशे में स्कूल आते रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों से गाली-गलौच का भी आरोप

स्कूल में कक्षा पहली से पांचवीं तक कुल 23 छात्र अध्ययनरत हैं। बच्चों को पढ़ाने के लिए हेडमास्टर सहित कुल तीन शिक्षक पदस्थ हैं। हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा कई सालों से इसी स्कूल में पदस्थ थे। बताया गया कि हेडमास्टर ने जनप्रतिनिधियों से फोन पर बातचीत के दौरान गाली-गलौच भी की थी।

डीईओ ने जारी किया निलंबन आदेश

मामले की रिपोर्ट बीईओ ने डीईओ को निलंबन की अनुशंसा के साथ भेजी थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर सूरजपुर डीईओ अजय मिश्रा ने हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा को सस्पेंड कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रतापपुर बीईओ कार्यालय निर्धारित किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0