छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिता ने अपने 6 साल के बेटे को कुंए में फेंका, फिर पानी में डूबाकर मार डाला
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिता ने अपने 6 साल के बेटे को कुंए में फेंका, फिर पानी में डूबाकर मार डाला। आरोपी पारिवारिक विवाद के बाद तनाव में था। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम जामढोंढी भदरापारा की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मनोज महेश्वरी (28) ने पुलिस को बताया कि, वह तीन भाई विजय, विनोद और वह खुद है। तीनों भाई अलग-अलग घरों में रहते हैं। मंझले भाई विनोद महेश्वरी (30) की पत्नी से पारिवारिक विवाद चल रहा था। वह कुछ दिनों से अलग रह रही थी। इस वजह से विनोद मानसिक तनाव में बताया जा रहा है।
रविवार शाम करीब 6 बजे विनोद अपने छोटे बेटे हितेश महेश्वरी (6 वर्ष) के साथ घर के सामने खड़ा दिखाई दिया था। सोमवार सुबह जब मनोज अपने घर के पीछे स्थित कुंए के पास टुल्लू पंप चालू करने गया, तो उसे अंदर से विनोद की आवाज सुनाई दी कि मोटर बंद कर दो।
खुद कुंए में उतरकर बेटे को डुबोया
मनोज ने जब कुंए में झांककर देखा तो अंदर विनोद और उसका बेटा दिखाई दिया। उसने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया। पूछताछ में विनोद ने बताया कि, उसने अपने बेटे को हत्या की नीयत से कुंए में फेंका और फिर खुद कुंए में उतरकर उसे पानी में डुबोकर मार डाला।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी पिता और बच्चे के शव को कुंए से बाहर निकाला। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









