छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कुछ युवकों ने एक छात्र की लात-घूंसे और डंडे से जमकर पिटाई कर दी
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कुछ युवकों ने एक छात्र की लात-घूंसे और डंडे से जमकर पिटाई कर दी। पुरानी रंजिश (स्कूली विवाद) के चलते बाइक सवार युवकों ने मारपीट की है। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक छात्र को घसीट-घसीटकर पीट रहे हैं। यह घटना लक्ष्मीपुर स्थित ओला शोरूम के पास की है। अब पुलिस ने एक्शन लेते हुए 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें नाबालिग भी शामिल हैं। इन पर बलवा की धारा भी जुड़ेगी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
स्कूली छात्र ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
दरअसल, दीनदयाल कॉलोनी निवासी स्कूली छात्र ने 6 फरवरी को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया कि वो अपने दोस्तों के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था, तभी अभय सिंह ठाकुर, कपिश मित्तल और उनके साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया।
पुरानी स्कूली रंजिश को लेकर आरोपियों ने हाथ-मुक्का, डंडे और कई हथियारों से मारपीट की। घायल छात्र को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोपियों के ही ग्रुप से किसी ने बनाया वीडियो
जानकारी के मुताबिक, मारपीट करने वाले युवकों के ही ग्रुप में शामिल किसी एक युवक ने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक अलग-अलग बाइक और स्कूटी पर सवार होकर गाली-गलौज करते हुए घूम रहे हैं।
लक्ष्मीपुर रोड से रामभांठा की ओर जाने वाले रास्ते के पास आरोपियों ने स्कूटी सवार 2 छात्रों को रोका। इसके बाद एक युवक को सभी ने मिलकर लात-घूंसों से जमकर पीटा। इस दौरान मौके पर कोई बीच-बचाव करने वाला नहीं था।
4 नाबालिग किशोर न्यायालय भेजे जाएंगे
पुलिस ने शिकायत के बाद मामले की जांच की। एक्शन लेते हुए 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों में 4 नाबालिग हैं, जिन्हें किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं दो आरोपी अभय सिंह ठाकुर (19) निवासी बैकुंठपुर महावीर चौक और कपिश मित्तल (18) निवासी कयाघाट जूटमिल को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। अब इसमें बलवा (दंगा) की धाराएं भी जोड़े जाने की प्रक्रिया जारी है।
अभिभावकों और स्कूलों को भी चेतावनी
सीएसपी मयंक मिश्रा ने आरोपियों के परिजनों को कार्यालय बुलाकर सख्त हिदायत दी कि वे बच्चों की गतिविधियों, संगति और स्कूल उपस्थिति पर निगरानी रखें। संबंधित स्कूलों के शिक्षकों को भी अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी- SSP
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, रायगढ़ जिले में गुंडागर्दी, सार्वजनिक मारपीट और कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर माहौल बिगाड़ने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









