हिमालय से आ रहीं ठंडी हवाओं ने छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ा दी

Jan 10, 2026 - 17:52
 0  0
हिमालय से आ रहीं ठंडी हवाओं ने छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ा दी

हिमालय से आ रहीं ठंडी हवाओं ने छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ा दी है। सूरज ढलते ही अचानक तापमान गिरने का असर लोगों की सेहत पर भी हो रहा है। पिछले 28 दिनों में राज्य में ठंड से 3 मौत हो चुकी है। कई शहरों में तापमान सामान्य से कम चला गया है। सरगुजा संभाग में ठंड का असर ज्यादा है।

बलरामपुर के रामानुजगंज में पैरावट पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ बनने लगी है। यहां रात का तापमान 1 से 2 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग की माने तो फिलहाल कोई खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। खासकर सेंट्रल पार्ट के लोगों के लिए।

मध्य छत्तीसगढ़ में आज कई इलाकों में शीतलहर चल सकती है। विभाग ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, बेमेतरा और रायपुर इन 8 जिलों में शीतलहर चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 29.2°C दुर्ग में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.5°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं अगले दो दिन तक इसमें कोई बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।

सिनोप्टिक सिस्टम के बढ़ाई ठंड

पश्चिमी विक्षोभ के कारण छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ी है। ये विक्षोभ हिमालय और उत्तर भारत से ठंडी हवाओं को नीचे की ओर धकेलता है। वहीं तेज जेट स्ट्रीम इन हवाओं को तेजी से मध्य भारत की तरफ आगे बढ़ा देती है, नतीजा यह होता है कि उत्तर भारत की ठंड छत्तीसगढ़ तक पहुंचने लगती है।

इसी वजह से रात का तापमान तेजी से गिरता है। सुबह-शाम ठंड ज्यादा महसूस होती है, कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बन जाती है। उदाहरण के साथ समझाया जाए तो मान लीजिए जैसे फ्रिज का दरवाजा खुला रह जाए और पंखा चलने लगे तो ठंडी हवा दूर तक फैल जाती है।

यहां पश्चिमी विक्षोभ फ्रिज है और जेट स्ट्रीम पंखा, जो ठंडी हवा को छत्तीसगढ़ तक पहुंचा रहा है।

4 जिलों में प्राइमरी स्कूल बंद

सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड को देखते हुए चार जिलों में प्राइमरी स्कूल आज यानी 10 जनवरी तक बंद हैं। सरगुजा और बलरामपुर जिलों के बाद मंगलवार देर शाम कोरिया और सूरजपुर जिलों में भी प्राइमरी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद किए गए हैं। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भी प्राइमरी स्कूल 10 जनवरी तक बंद हैं। हालांकि मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों का संचालन जारी है।

ठंड के कारण दो पालियों में संचालित होने वाली कक्षाओं का समय बदल दिया गया है। अब दो पालियों में चलने वाले स्कूल सुबह 8.30 बजे के बजाय 9.30 बजे से 12.30 बजे तक संचालित हो रहे हैं। वहीं दूसरी पाली की कक्षाएं दोपहर 12.30 बजे से शाम 4.00 बजे तक लग रही हैं। यह आदेश सभी शासकीय, अर्धशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों पर लागू है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0